पठानकोट, 19 मार्च (लक्की सरोच ) पठानकोट के बधानी स्थित द् व्हाइट मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में बीती रात आक्सीजन सिलेंडर फटने से युवक की मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि युवक के चीथड़े उड़ गए और अस्पताल के साथ लगती इमारतों के कांच तक टूट गए।
मृतक युवक की पहचान गांव बुंगल बधानी निवासी 22 वर्षीय नितिन ठाकुर के रूप में हुई है। हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक नितिन ठाकुर स्टोर में आक्सीजन सिलेंडरों के स्टोर में कार्यरत था। इसी दौरान तेज धमाके के साथ नितिन के चीथड़े उड़ गए। स्टोर में और भी आक्सीजन सिलेंडर थे। धमाके से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज कई किमी. दूर तक सुनाई दी। आसपास की बिल्डिगों के शीशे टूट गए। आनन-फानन में पास की बिल्डिग में भर्ती मरीजों को दूसरी बिल्डिग में शिफ्ट किया गया। इसके बाद मामून पुलिस और एसीपी शुभम अग्रवाल, थाना-एक के प्रभारी कुलजिदर सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गए।